भाजपा का आरोप: अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे डीजीपी

bjp-logoलखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने यूपी पुलिस मुखिया जगमोहन यादव के कार्यशैली पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वह पुलिस बल को उत्साहित करने के बजाय हतोत्साहित कर रहे है। भाजपा प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने राज्य के पुलिस प्रमुख जगमोहन यादव के बयानबाजी पर तंज कसते हुए कहा कि अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाहन करते तो शायद ज्यादा अच्छा होता। उन्होंने कहा आगरा में प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग सीतापुर में पुलिस प्रताडऩा और कुशीनगर में तो पुलिस पिटाई से बच्चे की हुई मौत राज्य के पुलिसियां जाबांजी के उदाहरण है। कार्यकर्ता उत्पीडऩ, कानून व्यवस्था तथा जन समस्याओं को लेकर भाजपा 25 नवम्बर से अलीगढ़ और आजमगढ़ में तथा 26 नवम्बर से कन्नौज और वाराणसी में एक सप्ताह के धरना देगी।
राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि अखिलेश सरकार की नीतियों के कारण राज्य की कानून व्यवस्था बदहाल हो रही है मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सरकार बनते ही कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरूत रखने को अपनी पहली प्राथमिकता बताते है किन्तु उनके पुलिस प्रमुख कहते है कानून व्यवस्था चुस्त-दुरूत रहने की कोई गांरटी नहीं ली जा सकती है। जिन पर सुरक्षा का दारोमदार है वहीं जब गांरटी नहीं की बात करेंगे तो राज्य का आमजन अपने को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा। यही कारण है कि आजम खां जैसे कद्दावर मंत्री भी अपनी जान का खतरा बताने में संकोच नहीं कर रहे है। उन्होंने कहा कि लगातार बयानबाजी पर उतारू पुलिस प्रमुख निराशाजनक और पुलिस बल को हतोत्साहित करने वाले बयान दे रहे है। यदि पुलिस फोर्स बढ़ाने पर भी अपराध की घटनाओं को रोका नहीं जा सकता तो अब सेवानिवृत्ति की ओर बढ़ रहे पुलिस प्रमुख यही बता दे कि अपराध की घटनाओं को रोका कैसे जा सकता है।