चौधरी बोले: खुली किताब है नेताजी का जीवन

Rajendra-Chaudhryलखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि यह आश्चर्य और क्षोभ का विषय है कि कुछ लोग अपना पूरा जीवन सादगी और किसानों, गरीबों के लिए संघर्ष करते बिताने वाले मुलायम सिंह यादव के जन्म दिन पर जनता के व्यक्त उल्लास पर उंगलियां उठा रहे है। पांच दशक से अधिक का श्री यादव का सार्वजनिक जीवन एक खुली किताब की तरह है और प्रदेश ही नहीं पूरे देश में उनका मान सम्मान एवं प्रतिष्ठा है। वे लाखों किसानों और गरीब लोगों के दिलों में बसते हंै। समाज के कमजोर लेागों के प्रति वे बेहद संवेदनशील है। सच तो यह है कि मुलायम सिंह यादव तो अपना जन्म दिन मनाते नहीं है लेकिन उनके तमाम मित्र, प्रशंसक, पार्टी कार्यकर्ता और नेता अपने प्रिय नेता के प्रति अपनी निष्ठा और विश्वास जताने के लिए जन्म दिवस मनाते रहे हैं। बहुत समय से श्री यादव के पैतृक गांव सैफई (इटावा) के लोगों का दबाव था कि एक बार उनका जन्म दिन उन्हें भी मनाने का मौका मिले। सैफई में मुलायम सिंह यादव का जन्म दिन रणवीर सिंह स्मृति महोत्सव समिति की ओर से आयोजित किया गया था। जन्म दिन के साथ पर्यावरण संरक्षण में जागरूकता का संदेश देने के लिए विख्यात संगीतकार एआर रहमान को भी अपनी प्रस्तुति देने के लिए बुलाया गया था। सैफई के एथलेटिक्स स्टेडियम में स्वत: स्फूर्त ढंग से जनता एकत्र हुई थी। लोग अपने साधनो से अपने प्रिय नेता को बधाई देने और उनके दीघार्यु होने की कामना करने पहुॅचे थे।