भाजपा का आरोप: चहेतों को खुश करने के लिए है बर्ड फेस्टीवल

bjp-logoलखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार द्वारा 4 दिसंबर से आगरा के चंबल सफारी लॉज, जराह बाह जैसी निजी संस्था में देश का पहला अंतर्राष्ट्रीय बर्ड फेस्टिबल का आयोजन करना केवल अपने चहेतों को उपकृत करने की कार्यवाही भर है।
प्रदेश पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश प्रवक्ता डा. चन्द्रमोहन ने कहा कि हैरत की बात यह है कि आगरा जिले में कीठम घोषित रूप से बर्ड सेंचुरी है लेकिन इसकी अनदेखी कर सरकार ऐसी जगह पर बर्ड फेस्टिबल का आयोजन करने जा रही है जो पहले कभी भी विदेशी चिडिय़ों के प्रवास के रूप में नहीं जाना जाता रहा है। आगरा में ही कीठम पक्षी विहार में हर वर्ष सर्दियों में देशी और विदेशी पक्षियों का जमघट रहता है। साइबेरिया तक पक्षी यहां आते हैं लेकिन जब बर्ड फेस्टिबल की बात आई तो सरकार उसका आयोजन चंबल सफारी में कर रही है। एक निजी व्यक्ति द्वारा विकसित जरार का चंबल सफारी अभी भी देशी और विदेशी संस्थाओं द्वारा बहुत ख्याति प्राप्त नहीं हैं। प्रदेश प्रवक्ता डा. चन्द्रमोहन ने कहा कि ऐसे में प्रदेश की ख्याति प्राप्त पक्षी विहारों की अनदेखी कर दूसरी जगह बर्ड फेस्टिबल आयोजित करना सपा सरकार की छिपी मंशा जाहिर करता है। सपा सरकार की अनदेशी से प्रदेश के सभी पक्षी विहार बदहाल हो चुके हैं। हालत यह हैं कि देशी विदेशी पर्यटक इन पक्षी विहारों की बदहाली के चलते यहां आने से कतराते हैं।