दिल्ली विस में पास हुआ जनलोकपाल बिल

KEJRIWAL-SISODIAनई दिल्ली। विधानसभा में हंगामे के बीच उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बहुप्रतीक्षित जन लोकपाल बिल पेश किया। यह दुसरा मौका है जब आम आदमी पार्टी की सरकार की ओर से जन लोकपाल बिल को सदन में पेश किया गया है। सुबह सत्र शुरू होते ही भाजपा विधायक ओपी शर्मा को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सदन में माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता को मार्शल की मदद से सदन से बाहर कर दिया गया।
हालांकि विपक्ष इस बिल को दिल्लीवासियों के साथ धोखा करार देते हुए इसका लगातार विरोध कर रहा है। उधर, इस मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता को ठगा है। उन्होंने कहा कि यह वह जनलोकपाल बिल नहीं है, जिसे दिल्ली की जनता के सामने बताया गया था। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद आम आदमी पार्टी की कथनी और करनी में फर्क दिख रहा है।
स्वराज अभियान के सदस्यों ने भी ऐलान किया कि वह जन लोकपाल को लेकर सड़कों पर अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे। स्वराज अभियान के मुखिया योगेंद्र यादव ने कहा है कि आप सरकार का मौजूदा जन लोकपाल बिल जनता की कसौटी पर खरा नहीं उतरता है। यह वह जन लोकपाल बिल नहीं है, जिसे सत्ता से बाहर रहते हुए आम आदमी पार्टी के सदस्यों ने जनता के समक्ष रखा था। सोमवार को दिल्ली विधानसभा का सत्र शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। सदन में भाजपा विधायकों ने ओपी शर्मा के निष्कासन पर अपना विरोध जताया। भाजपा विधायक शर्मा के निष्कासन को निरस्त करने की मांग कर रहे थे। सदन में शोरशराबा को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने मार्शल के सहयोग से भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता को सदन से बाहर कर दिया गया। भाजपा विधायक ओमप्रकाश शर्मा को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिए गया है।