न्यूजीलैंड 299 पर ढेर: भारत की 258 रनों से बढ़त

india-and-new-zealandखेल डेस्क। स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (81 रन पर छह विकेट) के कहर से भारत ने न्यूजीलैंड को तीसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन सोमवार को पहली पारी में 299 रन पर ढेर कर 258 रन की भारी भरकम बढ़त हासिल कर ली। भारत ने अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 557 रन पर घोषित कर दी थी। न्यूजीलैंड ने सुबह बिना कोई विकेट खोए 28 रन से आगे खेलना शुरू किया और उसकी पहली पारी चायकाल के डेढ़ घंटे बाद 299 रन पर सिमट गई। भारत ने न्यूजीलैंड से फॉलोऑन नहीं कराया और अपनी दूसरी पारी खेलने का फैसला किया। भारत ने अपनी दूसरी पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक बिना कोई विकेट खोए 18 रन बना लिए।
ओपनर गौतम गंभीर तीसरे ओवर में दूसरा रन चुराने की कोशिश में डाइव लगाकर अपना दायां कंधा चोटिल कर बैठे और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। गंभीर ने उस समय तक छह रन बनाए थे। पारी के चौथे ओवर में मुरली विजय को पिच के खतरनाक क्षेत्र में दौडऩे के लिए अंपायर की तरफ से पहली चेतावनी दी गई। ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को पहली पारी में इसी तरह की दो अनौपचारिक और एक आधिकारिक चेतावनी मिलने पर भारत पर पांच रन की पेनल्टी लगाई गई थी।
स्टंप्स के समय मुरली विजय 11 और चेतेश्वर पुजारा एक रन बनाकर क्रीज पर थे। भारत के पास अब कुल 276 रन की बढ़त हो गई है। भारत का चौथे दिन लक्ष्य रहेगा कि वह अपनी बढ़त को 450 से आगे पहुंचाकर न्यूजीलैंड के सामने एक मुश्किल लक्ष्य रख दे। इससे पहले, 30 वर्षीय अश्विन ने 27.2 ओवर में पांच मैडन रखते हुए 81 रन देकर छह विकेट हासिल किए। अश्विन ने इस तरह इस सीरीज में अपने विकटों की संख्या 20 पहुंचा दी।
अश्विन के करियर में यह 20वां मौका है जब उन्होंने एक पारी में पांच विकेट हासिल किए। लेफ्ट आर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा ने 28 ओवर में 80 रन देकर दो खिलाड़ी आउट किए। न्यूजीलैंड के दो बल्लेबाज रन आउट हुए जिन्हें आउट करने में भी अश्विन की भूमिका रही। तीसरे टेस्ट का तीसरा दिन पूरी तरह अश्विन के नाम रहा। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के पास एक बार फिर अश्विन का कोई तोड़ नहीं था। हालांकि, एक समय न्यूजीलैंड बिना कोई विकेट खोए 118 रन बनाकर अच्छी स्थिति में था, लेकिन उसके बाद अश्विन के कहर के आगे न्यूजीलैंड के पांच विकेट 148 रन तक गिर गए।
न्यूजीलैंड ने अपने आखिरी चार विकेट 46 रन जोड़कर गंवाए। अश्विन ने टॉम लाथम (53), कप्तान केन विलियम्सन (आठ), रॉस टेलर (0), ल्यूक रोंची (0), जेम्स नीशम (71) और ट्रेंट बोल्ट (0) को आउट किया। अश्विन ने ओपनर मार्टिन गुप्तिल (72) और जीतन पटेल (18) को अपने फालोथ्रू में रन आउट किया। इस तरह देखा जाए तो इस पारी में अश्विन के हिस्से आठ विकेट आए। हालांकि गेंदबाजी आकंड़ों में छह विकेट ही जुड़े। सुबह न्यूजीलैंड ने अच्छी शुरुआत की और 28 रन से आगे खेलते हुए लंच तक अपना स्कोर 125 पहुंचा दिया। इस दौरान न्यूजीलैंड ने सिर्फ टॉम लाथम का विकेट गंवाया जिन्हें अश्विन ने अपनी ही गेंद पर कैच कर लिया। लाथम ने 104 गेंदों पर 53 रन की संघर्षपूर्ण पारी में सात चौके लगाए।
इस सत्र से ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड भारतीय गेंदबाजों के सामने कड़ी चुनौती पेश करेगा, लेकिन लंच के बाद जैसे नजारा ही बदल गया और मेहमान टीम ने एक के एक बाद अपने विकेट गंवा दिए। अश्विन ने विलियम्यन, टेलर और रोंची के विकेट झटक लिए, जबकि गुप्तिल को रन आउट कर दिया। गुप्तिल दुर्भाग्यशाली रहे कि गेंद अश्विन की ऊंगलियों को छूती हुई नॉन स्ट्राइकर छोर के स्टंप्स में घुस गई। गुप्तिल उस समय क्रीज से बाहर थे। गुप्तिल का विकेट 148 के स्कोर पर गिरा। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 144 गेंदों में 10 चौके और दो छक्के लगाए। न्यूजीलैंड ने 14 रन के अंतराल में चार विकेट गंवा दिए और उसका स्कोर पांच विकेट पर 148 रन हो गया।
नीशम और बी जे वाटङ्क्षलग ने छठे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की। यह साझेदारी खतरनाक साबित होती कि जडेजा ने चायकाल से पहले वाटलिंग को अजिंक्या रहाणे के हाथों कैच करा दिया। वाटलिंग ने 48 गेंदों में चार चौकों की मदद से 23 रन बनाए। चायकाल तक न्यूजीलैंड का स्कोर छह विकेट पर 216 रन था। चायकाल के बाद नीशम ने मिशेल सेंटनर के साथ न्यूजीलैंड का संघर्ष जारी रखा। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 52 रन जोड़ डाले। जडेजा ने सेंटनर को कप्तान के विराट कोहली के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को भी तोड़ा। सेंटनर ने 52 गेंदों में 22 रन में चार चौके लगाए। नीशम का संघर्ष आखिरी अश्विन ने समाप्त किया। अश्विन ने उन्हें पगबाधा कर दिया।
नीशम ने 115 गेंदों में 71 रन में 11 चौके लगाए। अश्विन ने जीतन पटेल (18) को रन आउट करने के बाद ट्रेंट बोल्ट को चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच करा दिया। न्यूजीलैंड की पारी 90.2 ओवर में 299 रन पर सिमट गई। अश्विन ने इस तरह न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवीं बार एक पारी में पांच विकेट हासिल किए जो न्यूजीलैंड के खिलाफ नया भारतीय रिकॉर्ड है। इससे पहले बिशन सिंह बेदी, सुभाष गुप्ते, इरापल्ली प्रसन्ना और जहीर खान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चार-चार बार एक पारी में पांच विकेट लिए थे।