श्रीकृष्ण जन्मोत्सव: सजे हैं मंदिर और बाजार

 

नई दिल्ली। श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रीकृष्ण जन्मस्थान के साथ शहर के प्रमुख बाजार सजने संवरने लगे हैं। कहीं पर तोरण द्वार बन रहे हैं तो कहीं जन्मोत्सव में सहभागी बनने को देश-विदेश से आने वाले भक्तों की आवभगत की तैयारी चल रही है। तिथि भ्रम के चलते जन्माष्टमी महोत्सव की धूम तीन दिन तक रहेगी। कृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार इस वर्ष 14 से 16 अगस्त तक मनाया जाएगा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारिकाधीश मंदिर समेत ब्रज के प्रमुख मंदिरों में यह त्यौहार 15 अगस्त को मनाया जाएगा। 16 अगस्त को गोकुल समेत समूचे ब्रज में नंदोत्सव की धूम मचेगी। इसे देखते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर विद्युत सजावट का काम शुरू हो गया है। मंदिर की रंगाई-पुताई और सफाई चल रही है। जन्मस्थान की ओर प्रवेश करने वाले मार्गों पर स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। नगर निगम द्वारा तीन विशेष द्वार भी बन रहे हैं। इधर, भरतपुर गेट पर स्वागत द्वार बनकर तैयार हो चुका है, जबकि रूपम टाकीज पर वाटरप्रूफ यात्री विश्रम गृह व मसानी चौराहे पर सामान घर और विश्रम गृह बन रहा है। रंगेश्वर महादेव स्थित गौड़ीय मठ में सजावट चल रही है। यहां विशाल द्वार बन रहा है। समूचे बाजार को सजाने की तैयारी शुरू हो गई है। शहर के प्रमुख व्यापारिक व सामाजिक संगठन भी विभिन्न बाजारों की सजावट करने में जुट गए हैं। श्रद्धालुओं का आगमन यहां 14 से ही शुरू हो जाएगा।