पंजाब जाने वाली सारी ट्रेनों को किया गया कैंसिल

 

नई दिल्ली। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की गिरफ्तारी से नाराज उनके अनुयायी रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों को भी निशाना बना रहे हैं। पंजाब में दो स्टेशनों पर तोडफ़ोड़ करने के साथ ही दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल पर खड़ी रीवा एक्सप्रेस के दो कोच में भी आग लगा दी गई। सतर्कता बरतते हुए रेलवे स्टेशनों और ट्रैक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हरियाणा से गुजरने वाली लगभग ढाई सौ ट्रेनें रद कर दी गई हैं। दिल्ली-रोहतक रूट पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
उत्तर रेलवे ने गुरुवार को ही कई ट्रेनों को रद करने की घोषणा कर दी थी। शुक्रवार दोपहर बाद स्थिति बिगडऩे लगी तो दिल्ली-रोहतक रूट को पूरी तरह से बंद करने का फैसला किया गया। अन्य मार्गो पर भी बहुत कम संख्या में ट्रेनें चल रही हैं। हरियाणा व पंजाब में चलने वाली लगभग सभी पैसेंजर ट्रेनें रद कर दी गई हैं। लुधियाना शताब्दी, कालका शताब्दी, जम्मू राजधानी सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें भी नहीं चलीं। कई ट्रेनों की यात्रा सोनीपत, पानीपत व अन्य स्टेशनों पर समाप्त कर दी गई। शुक्रवार शाम तक लगभग ढाई सौ ट्रेनें रद हो चुकी थीं। यदि स्थिति सामान्य नहीं हुई तो रद होने वाली ट्रेनों की संख्या और बढ़ सकती है।
ट्रेनें रद होने से दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर व राजस्थान जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। काफी संख्या में यात्री दिल्ली के स्टेशनों पर फंसे हुए हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। पंजाब में बठिंडा-श्रीगंगानगर रेलखंड पर स्थित मलोट व बुलयाना रेलवे स्टेशन पर राम रहीम के के अनुयायियों ने तोडफ़ोड़ की। हालांकि, किसी यात्री को किसी तरह से नुकसान नहीं पहुंचा है। हिंसा के चलते दिल्ली के कश्मीरी गेट बस अड्डे से चलने वाली हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश रोडवेज की करीब एक हजार बसों का परिचालन अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। शुक्रवार को भी यात्री हरियाणा, हिमाचल और पंजाब जाने के लिए पहुंचे, लेकिन उन्हें निराश लौटना पड़ा। हालांकि कुछ निजी बसें अंबाला तक जा रही थीं। हालांकि यात्रियों की संख्या बहुत कम थी। वहीं पूछताछ काउंटर पर जानकारी लेने के लिए फोन बजते रहे। दूसरे राज्यों से आने वाली यात्री ज्यादा परेशान हुए।पंचकूला। साध्वी यौन शोषण मामले में पंचकूला सीबीआई कोर्ट द्वारा दोषी करार देने के बाद डेरा प्रमुख राम रहीम को एयरलिफ्ट किया गया। आर्मी के हेलिकॉप्टर से राम रहीम को पुलिस प्रशिक्षण केंद्र सुनारिया के अंदर अस्थाई हेलिपेड पर उतारा गया। वहां से राम रहीम को सुनारिया के रेस्ट हाउस में रखा गया है। उनके वहां पहुंचने से पहले ही सीआईएसएफ की कंपनी तैनात कर दी गई।
सीआईएसएफ ने पीटीसी सुनारिया से 3 किलोमीटर के एरिया को सील कर दिया है। सुरक्षा को लेकर भारी इंतजाम किए गए हैं। रोहतक शिफ्ट किए जाने के चलते शहर में भय का माहौल बना हुआ है। मामले को लेकर अधिकारी कुछ भी बोलने से बचते दिखे। राम रहीम के सुनारिया पहुंचने पर इंतजाम इतने कड़े किए गए हैं कि वहां पर परिंदा भी पर नहीं मार सकता। वहीं, रोहतक में किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।