मोदी कैबिनेट में 9 चेहरे होंगे शामिल: 3 को प्रमोशन

 

 

नई दिल्ली। मोदी सरकार के आज होने वाले मंत्रिपरिषद के तीसरे फेरदबल में कम से कम नौ नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। इनमें आरके सिंह, सत्यपाल सिंह, शिवप्रताप शुक्ला, अश्विनी चौबे, हरदीप सिंह पुरी, अनंत हेगड़े, वीरेंद्र कुमार, गजेंद्र सिंह शेखावत और केजे अल्फोंस शामिल हैं। ये सभी पहली बार केंद्र में मंत्री बनेंगे। साथ ही तीन मंत्रियों को पदोन्नति देते हुए कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वृंदावन बैठक से लौटने के बाद दिनभर चली बैठकों के बाद देर शाम नए मंत्रियों को लेकर स्थिति साफ हुई। मिशन-2019 के पहले सरकार के काम को बेहतर करने के लिए नौ नए चेहरों को शामिल करने का फैसला किया है। इसमें प्रशासनिक क्षेत्र के अनुभवी लोगों से लेकर लंबे समय तक संगठन व राज्य सरकारों में मंत्री रहे नेता शामिल हैं।
विदेश सेवा के पूर्व अधिकारी हरदीप सिंह पुरी व पूर्व प्रशासनिक अधिकारी केजे अल्फोंस अभी किसी सदन के सदस्य नहीं है। इनके जरिए क्षेत्रीय, राजनीतिक व सामाजिक समीकरण इससे साधे गए हैं। उत्तर प्रदेश से शिव प्रताप शुक्ला व सत्यपाल सिंह को मंत्री बनाया जा रहा है। कलराज मिश्रा के इस्तीफे के बाद शिव प्रताप शुक्ला राज्य के प्रमुख ब्राह्मण चेहरा होंगे। संजीव बालियान की जगह बागपत के सांसद और मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त सत्यपाल को मंत्री बनाया जा रहा है। इससे जाट राजनीति का संतुलन बनाए रखा गया है।
बिहार से अश्विनी चौबे और आरके सिंह को मंत्री बनाया जा रहा है। आरके सिंह पूर्व गृह सचिव हैं। वह सरकार में राजीव प्रताप रूड़ी की जगह लेंगे। अश्विनी चौबे से राज्य का सामाजिक संतुलन किया गया है। अगले साल होने वाले चुनाव को देखते हुए मध्य प्रदेश से वीरेंद्र कुमार व कर्नाटक से अनंत हेगड़े को मंत्री बनाया जा रहा है। हेगड़े राज्य के ताकतवर लिंगायत समुदाय से आते हैं। राजस्थान से जोधपुर के सांसद गजेंद्र सिंह शेखावट को भी मंत्री बनाया जा रहा है। मंत्रिमंडल फेरबदल में निर्मला सीतारमण, धर्मेंद्र प्रधान और पीयूष गोयल को पदोन्नति कर कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की संभावना है। ये अभी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के मंत्री हैं। साथ ही सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को भी अहम जिम्मेदारी दिए जाने के संकेत हैं। फेरबदल में कुछ मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं। कृषि मंत्री राधामोहन सिंह व रेल मंत्री सुरेश प्रभु के भी विभाग बदले जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, नए रक्षा मंत्री के लिए सबसे ज्यादा ऊहापोह की स्थिति है। इसके लिए सुरेश प्रभु, नरेंद्र सिंह तोमर व पीयूष गोयल के नाम की चर्चा है। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार चार बड़े मंत्रियों ने भी इसके लिए विचार किया। इस बीच सुषमा स्वराज के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू से मुलाकात से इन चर्चाओं को बल मिला है कि सरकार में उच्च स्तर पर बड़े बदलाव हो सकता है।