लालू से मुक्ति चाहते हैं कांग्रेस विधायक

 

पटना। बिहार में कांग्रेसी विधायकों को बचाने के लिए पार्टी आलाकमान हर जतन कर रहा है, लेकिन सियासी झगड़ा खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। अब कांग्रेस के 27 विधायकों में से 19 विधायकों ने पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से गठबंधन तोडऩे की गुहार लगाई है।
इन विधायकों का कहना है कि लालू प्रसाद यादव कभी भी कांग्रेस के विश्वस्त नहीं रहे। लालू ने मुस्लिम और यादव वोटरों को अपने पाले में रखने के लिए अक्सर उच्च तबके की जातियों को नजरअंदाज किया। इस वजह से पिछले 20 वर्षों में कांग्रेस अच्छा नहीं कर पाई। बिहार कांग्रेस में विभाजन के लिए 19 विधायकों का संख्या पर्याप्त है और अलग होने पर इन विधायकों की सदस्यता भी नहीं जाएगी। कानूनन इन विधायकों को अलग गुट या पार्टी बनाने के लिए 18 विधायक होने चाहिए। इससे कांग्रेस नेतृत्व में बेचैनी बढ़ गई है। 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में कांग्रेस के 27 विधायक और 6 विधान पार्षद हैं। इस सियासी तूफान के बीच बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा है कि कांग्रेस कार्यसमिति के कुछ वरिष्ठ नेता उन्हें पद से हटाने की साजिश कर रहे हैं। बगावती तेवर दिखाते हुए अशोक चौधरी ने पहले से ही निर्धारित राहुल गांधी के साथ होने वाली मीटिंग में भी शिरकत नहीं की।