सीएम योगी बोले: जांच करायी तो कई नेता होंगे जेल में

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने सोमवार को राहुल गांधी व अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कामकाज की जांच कराएंगे तो कई पार्टियों के नेता जेल में होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर देश जल्द कांग्रेस मुक्त हो जाएगा। पद्मावती विवाद पर उन्होंने कहा कि अगर इतिहास के साथ छेड़छाड़ नहीं हुई तो फिर लोग डर क्यों रहे हैं। अगर इतिहास के साथ छेड़छाड़ होगी तो स्थिति खराब होगी। हमने केंद्र को जानकारी दे दी है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव के लिए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने तमाम काम अधूरे छोड़ दिए। जिसे भाजपा सरकार ने दिन रात लग कर छह महीने में पूरे कराए। सीएम ने यह बात सोमवार को एक कार्यक्रम में कही। सीएम ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार होती तो ये काम छह महीने तो क्या छह साल में भी पूरे नहीं होते।
योगी आदित्य नाथ ने कहा कि पहले गैरकानूनी तरीके से ठेके लखनऊ में बैठकर दिए जाते थे, जब इसकी जांच कराएंगे तो कई पार्टियों के बड़े-बड़े नेता जेल के अंदर दिखेंगे या फिर वे प्रदेश छोडक़र भाग जाएंगे। उन्होंने कहा कि महानगरों में मेट्रो या मेट्रो जैसे ही ट्रांसपोर्ट सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी। इन मेट्रो सेवा को चलाने के लिए जल्द कॉरपोरेशन बनेगा।