दिल्ली आश्रम के खेल से हाईकोर्ट भी हैरान

 

नई दिल्ली। दिल्ली के रोहिणी में आध्यात्मिक विश्वविद्यालय के नाम से चल रहे बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित के आश्रम की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, कई हैरान करने वाली बातें सामने आ रही हैं। दीक्षित की काली करतूतों का अड्डा सिर्फ रोहिणी के विजय विहार में ही नहीं, दिल्ली के पालम इलाके में भी है। यह खुलासा गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट के सामने उस समय हुआ, जब वहां पालम आश्रम से एक युवती को पेश किया गया। इसके साथ ही यह आशंका है कि पालम में भी आश्रम के नाम पर बड़ा खेल हो रहा है।शुक्रवार को मामले की सुनवाई करते समय दिल्ली हाई कोर्ट के जज भी आश्रम में चल रही गतिविधियों से दंग नजर आए। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा,हम किस युग में जी रहे हैं। कोर्ट ने 8 आश्रमों की जानकारी जल्द से जल्द मांगी और दीक्षित को कोर्ट में पेश करने का आदेश भी दिया। दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि अगर आश्रम के बारे में जानकारी नहीं दी जाएगी, तो दीक्षित के खिलाफ वॉरंट जारी किया जाएगा। कोर्ट ने चेतावनी देते हुए कहा कि आश्रम में जांच टीम को रोका गया, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में अब अगली सुनवाई चार जनवरी को होगी। इस बीच विजय विहार में चल रहे आश्रम के पड़ोस में रहने वाली महिला भी सामने आईं और उन्होंने कहा कि बीते 20-22 साल में इस आश्रम को लेकर कई बार पुलिस से शिकायतें की गईं, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मीडिया तक बात पहुंचाने के लिए मुझे धमकियां भी मिलीं, लेकिन मैं मासूम बच्चियों को बचाना चाहती थी।