कोरोना संकट गहराया: 7477 मरीज, 239 की मौत

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के चलते मृतकों का आंकड़ा शनिवार को 239 पर पहुंच गया और कुल संक्रमितों की संख्या 7,477 हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब भी 6,565 लोग संक्रमण की चपेट में हैं जबकि 642 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और एक व्यक्ति विदेश चला गया है।मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार शाम से अब तक 33 लोगों की मौत हुई है।इनमें 17 मौत मध्य प्रदेश में, 13 महाराष्ट्र में, दो गुजरात में और एक असम में हुई है। कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा 110 मौत महाराष्ट्र में हुई है। इसके बाद मध्य प्रदेश में 33, गुजरात में 19 और दिल्ली में 13 लोगों की मौत हुई है।पंजाब में 11 मौत जबकि तमिलनाडु में आठ और तेलंगाना में सात लोगों की मौत हुई है।आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में छह-छह लोगों की मौत जबकि पश्चिम बंगाल में पांच लोगों की मौत हुई है। जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश में जहां चार-चार मौत हुई है वहीं हरियाणा और राजस्थान में तीन-तीन लोगों ने वायरस के कारण अपनी जान गंवाई है।स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक केरल में दो लोगों की मौत हुई है। बिहार, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और असम प्रत्येक से एक-एक व्यक्ति की मौत की खबर है। कुल 7,447 संक्रमितों में 71 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।मृतकों का आंकड़ा शुक्रवार की शाम तक 206 था।हालांकि विभिन्न राज्यों से शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे तक प्राप्त आंकड़ों पर आधारित पीटीआई की तालिका के मुताबिक देश भर में 7,510 लोग संक्रमण की चपेट में हैं और कम से कम 251 लोगों की मौत हुई है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों और विभिन्न राज्यों के आंकड़ों में अंतर है। अधिकारी इसके पीछे प्रक्रियात्मक देरी को वजह बता रहे हैं जो इसे लेकर हो रही है कि कौन सा मामला किस राज्य से जुड़ा है।