आगरा के वुहान बनने पर अखिलेश का तंज

लखनऊ। सोमवार को अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री द्वारा बहुप्रचारित कोरोना से लडऩे का आगरा मॉडल’ मेयर के अनुसार फ़ेल होकर आगरा को वुहान बना देगा। न जाँच, न दवाई, न अन्य बीमारियों के लिए सरकारी या प्राइवेट अस्पताल, न जीवन रक्षक किट और उस पर क्वॉरेंटाइन सेंटर्स की बदहाली प्राणांतक साबित हो रही है। जागो सरकार जागो!
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से सबसे अधिक मौत और मरीजों की संख्या आगरा में है। यहां कोरोना वायरस के फैलते संक्रमण को रोकने के लिए बनाए गए मॉडल की देशभर में चर्चा हुई, बावजूद इसके यहां संक्रमण कम होने का नाम ही नहीं ले रहा। रोज यहां नए मामले मिलते जा रहे हैं। हालात यह है कि यहां मरने वालों की संख्या में भी इजाफा होता जा रहा है। आगरा में अब तक 373 मरीज कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं जबकि 11 लोगों ने इस बीमारी से दम तोड़ा है। यहीं कारण है कि आगरा मॉडल पर विपक्ष लगातार सवाल उठाने लगा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के बाद अब यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी आगरा मॉडल पर तंज कसा है।