डरा रहा दिल्ली का संक्रमण: 25 हजार केस पार

नई दिल्ली। दिल्ली में अब कोरोना केस के रोज बढ़ते आंकड़े डराने लगे हैं। पिछले तीन दिनों में राज्य में कोविड-19 के 5 हजार मरीज सामने आए हैं। पिछले दो महीने में पहली बार राजधानी कोविड-19 के नए केसों के मामले में मुंबई से आगे निकल गई है। कोरोना केस के मामले में दिल्ली तीसरे नंबर पर आ गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आज के आंकड़े के अनुसार, राज्य में 25,004 केस हैं जबकि 9,898 लोग ठीक हुए हैं। दिल्ली में इस जानलेवा वायरस से अबतक 650 लोगों की जान गई है। रोजाना बढ़ते आंकड़ें अब टेंशन दे रहा है।
राज्य में 28 मई से 3 जून तक हर रोज तकरीबन 1,198 नए केस सामने आए हैं। कोरोना के सबसे ज्यादा नए केस 3 जून को मिले जब राज्य में 1,513 नए मामले सामने आए थे। दो महीने में पहली बार दिल्ली में एक दिन में मुंबई से भी ज्यादा नए केस मिले हैं। मुंबई में बुधवार को 1,276 नए केस सामने आए थे। दिल्ली में अभी 14,456 ऐक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र में 33,681 ऐक्टिव केस हैं जबकि गुजरातमें 4,762 ऐक्टिव केस हैं। तमिलनाडु में 14,902 ऐक्टिव मामले हैं।