एमएलसी चुनाव: योगी का दिखा दम

लखनऊ। विधानसभा उपचुनावों के बाद विधानसपरिषद की सीटों पर हुए चुनाव में भी सीएम योगी का दबदबा दिखाई दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने विधान परिषद चुनाव शिक्षक सीट पर शर्मा गुट का किला ढहा दिया है। गुरुवार से शुरु हुई विधान परिषद की शिक्षक व स्नातक कोटे की 11 सीटों पर मतगणना शुक्रवार को भी जारी रही। मेरठ से शिक्षक राजनीति के दिग्गज ओम प्रकाश शर्मा को तगड़ा झटका लगा है। मेरठ से आठ बार विधान परिषद सदस्य रहे ओम प्रकाश शर्मा खुद तो चुनाव हारे ही हैं, उनके गुट (शर्मा गुट) को भी अपेक्षित सफलता नही मिली है।शिक्षक क्षेत्र की छह सीटों में से भाजपा ने तीन पर कब्जा जमाया है। दो पर निर्दलीय ने जीत दर्ज की है, जबकि एक सीट समाजवादी पार्टी के खाते में गई है। कांग्रेस को एक भी सीट पर सफलता नहीं मिली है। भाजपा ने इस बार विधान परिषद चुनाव में काफी जोर लगाया था। प्रदेश संगठन भी काफी सक्रिय भूमिका में था।भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने मेरठ खंड क्षेत्र, उमेश द्विवेदी ने लखनऊ खंड क्षेत्र तथा हरि सिंह ढिल्लों ने बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक क्षेत्र सीट पर जीत दर्ज की। निर्दलीय डॉ. आकाश अग्रवाल ने आगरा खंड क्षेत्र तथा धु्रव कुमार त्रिपाठी ने गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक क्षेत्र से जीत दर्ज की। भाजपा के गढ़ माने जाने वाले वाराणसी खंड शिक्षक क्षेत्र सीट पर समाजवादी पाटी के लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की। इसको समाजवादी पार्टी की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। इस बार के चुनाव में भाजपा का दबदबा साफ दिखाई पड़ा। मेरठ से शिक्षक राजनीति के दिग्गज ओम प्रकाश शर्मा को तगड़ा झटका लगा है। मेरठ से आठ बार विधान परिषद सदस्य रहे ओम प्रकाश शर्मा खुद तो चुनाव हारे ही हैं, उनके गुट (शर्मा गुट) को भी अपेक्षित सफलता नही मिली है।