दलित महापंचायत में प्रियंका बोलीं: यूपी में अत्याचार ज्यादा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इन दिनों कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने के लिए अपने स्तर से हर संभव प्रयास में जुटी नजर आ रही है। इसके तहत शुक्रवार को राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस के दलित विभाग द्वारा दलित महापंचायत का आयोजन किया गया। सभा को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सम्बोधित करते हुए कहा कि अनेक शहरों में स्थित अंबेडकर छात्रावासों को यूपी सरकार बंद करना चाहती है। प्रदेश में जितना ज्यादा अत्याचार दलितों पर हो रहा है, उतना किसी अन्य प्रदेश में नहीं हो रहा है।
प्रियंका गांधी ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से दलित उत्पीडऩ के खिलाफ यूपी में बुलंदी से आवाज उठाने की अपील की है। प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो दलितों पर अत्याचार हो रहा है, वो शायद ही देश में किसी और प्रदेश में इतना अत्याचार हो रहा हो। जहां-जहां अत्याचार हो रहा है, वहां कार्यकर्ता पहुंचे, उन लोगों के साथ खड़े रहिये और उनकी आवाज उठाइए। कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि आपके ऊपर ये बहुत बड़ी और ऐतिहासिक जिम्मेदारी है क्य़ोकि आपने देखा होगा जिन्हें दलित समाज के लिए आवाज उठानी चाहिए वो आजकल ये काम नहीं कर रहे है, तो हमारी जिम्मेदारी दोगुनी हो जाती है. क्योकि जो हो रहा है, वो बहुत गलत हो रहा है।