बोलीं स्मृति: अमेठी के तीन लाख 27 हजार किसानों को लाभ

आशुतोष मिश्र, अमेठी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह अपनी राजनीति चमकाने के लिए नए कृषि कानूनों के बारे में किसानों में भ्रम फैला रही है। साथ ही, उन्होंने कहा कि किसान नई तकनीक के जरिए अपनी आमदनी बढ़ाना चाहता है, जिससे कांग्रेस को तकलीफ हो रही है।
अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अमेठी के दौरे पर आई स्मृति ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस अपनी सियासत चमकाने के लिए देश के किसानों के बीच भ्रम फैला रही है। कांग्रेस नए कृषि कानूनों के बारे में यह झूठ बोल रही है कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की व्यवस्था और मंडियों को समाप्त कर रही, जबकि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के किसान कृषि की आधुनिक तकनीक अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ाना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस को इससे तकलीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कर्ज माफी की थी, जिससे अमेठी के 40 हजार किसानों का 196 करोड़ रुपए का कर्ज माफ हुआ था। इसके अलावा, प्रधानमंत्री की किसान सम्मान योजना के तहत अमेठी के तीन लाख 27 हजार किसानों को लाभ मिल रहा है।