बारिश के बाद ठंड का प्रकोप बढ़ा: हिमाचल में बर्फबारी

नई दिल्ली। यूपी, पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में बारिश के बाद ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं, राजस्थान के अधिकतर शहरों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के कारण ऊपरी शिमला और मनाली के कई रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं। जबकि जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले कई इलाकों में बर्फबारी हुई है। वहीं, समूची कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान में सुधार होने से लोगों को ठंड से काफी राहत मिली है। पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में देर रात बारिश के बाद ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, फरीदकोट, आदमपुर और हलवारा समेत कई स्थानों पर कोहरा छाए रहने से सुबह में दृश्यता घट गयी। अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा। हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक देर रात चंडीगढ़ में 4.3 मिलीमीटर, अंबाला में 4.5 मिलीमीटर, अमृतसर में 4.2 मिलीमीटर, लुधियाना में 1.6 मिलीमीटर, पटियाला में 2.2 मिलीमीटर, पठानकोट में 1.4 मिलीमीटर और गुरदासपुर में 4.5 मिलीमीटर बारिश हुई।
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हुई जबकि पिछले 24 घंटों में पूर्वी जिलों में मौसम सर्द रहा। आंचलिक मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार राज्य के ज्यादातर मंडलों में दिन के तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ और उनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है। राज्य में सबसे कम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस चुर्क में दर्ज किया गया जबकि सबसे अधिक तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस झांसी में दर्ज किया गया।