मेरी बात याद रखना, वापस लेने होंगे कृषि कानून : राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के मुद्दे को लेकर गुरुवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार किसानों को बबार्द करने की साजिश कर रही है। राहुल गांधी ने भरोसे के साथ यह भी दावा किया कि मोदी सरकार कृषि कानूनों को वापस लेने पर मजबूर हो जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनके शब्दों को याद रखा जाए। साथ ही यह भी कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी रहेगी। राहुल गांधी ने मदुरै में संवाददाताओं से बातचीत में यह दावा भी किया कि केंद्र सरकार अपने ‘दो-तीन मित्रों को फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ”सरकार किसानों की सिर्फ उपेक्षा ही नहीं कर रही है, बल्कि उन्हें बर्बाद करने की साजिश भी कर रही है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ”सरकार किसानों से जमीन लेकर अपने मित्रों को देना चाहती है। सरकार किसानों को दबा रही है और कुछ कारोबारियों की मदद कर रही है। किसानों के प्रति फिर से कांग्रेस का समर्थन जताते हुए उन्होंने कहा कि इन तीनों कानूनों को रद्द करना जरूरी है।”