उत्तर प्रदेश में जान की सुरक्षा भगवान भरोसे : अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि लोगों के जानमाल की सुरक्षा उत्तर प्रदेश में भगवान भरोसे है। अपराधियों के खौफ के चलते प्रदेश में डर का माहौल है। प्रशासन तंत्र का मनोबल गिरा हुआ है। फिर भी राजभवन मूक दृष्टा की भूमिका में क्यों है? अखिलेश ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि प्रदेश भर में भाजपा सरकार और उसके नेतृत्व द्वारा संरक्षित अपराधी अराजकता मचाए हुए है। त्रस्त जनता अपना धैर्य खो चुकी है। राज्य की पीडि़त जनता को राजभवन की संवैधानिक उत्तरदायित्व निर्वहन की जिम्मेदारी का इंतजार है। भाजपा के जंगलराज में महिलाएं एवं बच्चियां सर्वाधिक अपमानित हुई हैं। बेटियों पर अत्याचार नहीं रूक रहा है। ग्रेटर नोएडा में छेडख़ानी से परेशान दो बेटियां खुद को बचाने के लिए चलती बस से कूद पड़ी। प्रधानमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में भाजपा के पूर्व विधायक द्वारा छात्रा से छेडख़ानी का वीडियो विचलित करने वाला है।