यूपी के कई शहरों में बवाल: पुलिस से नोंकझोंक

लखनऊ। राजधानी लखनऊ, अयोध्या, मथुरा, कानपुर, लखीमपुरखीरी समेत यूपी के कई जिलों में किसानों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। रैली निकालने को लेकर पुलिस नोकझोंक हुई। कई नेताओं को नजर बंद किया गया। लखीमपुर में 150 सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। लखनऊ की सदर, बीकेटी, मोहनलालगंज तहसील में ट्रैक्टर रैली व तिरंगा यात्रा निकाली। गोमतीनगर विस्तार सदर तहसील में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, जिस पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
लखनऊ की बीकेटी तहसील पर समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गिरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीतापुर हाईवे पर ट्रैक्टर रैली और तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पुलिस फोर्स के साथ एसडीएम बीकेटी पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को बीकेटी थाने ले आई। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर हंगामा किया।
वहीं गोसाईगंज में सपा कार्यालय से पूर्व जिलाध्यक्ष आशिक अली, पूर्व चेयरमैन बृजेश यादव, पूर्व युवजन सभा अध्यक्ष राम समुज रावत के नेतृत्व में करीब 100 कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर रैली निकाली, रैली गोसाईगंज से मोहनलालगंज के लिए आगे बढ़ी लेकिन खुजौली चौकी के पास पुलिस ने बैरिकेटिंग लगाकर उन्हें रोक लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस में तीखी नोकझोंक हुई। वहीं मोहनलालगंज में किसानों की ट्रैक्टर रैली को पुलिस ने इजाजत नहीं दी। जिसके बाद किसानों ने पैदल मार्च निकाला। वहीं सरोजनीनगर विधानसभा में भी सपा कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर रैली निकाली।
दिल्ली में किसान परेड के समर्थन में सपाइयों ने कानपुर में झंडारोहण के बाद हंगामा शुरू कर दिया। ट्रैक्टर रैली निकालने का प्रयास करने पर सपाइयों और पुलिस में झड़प भी हुई। हंगामे के बाद सपा विधायक समेत काफी समर्थकों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेजा दिया गया। उधर, मंधना में ट्रैक्टर रैली के साथ दिल्ली जाने की तैयारी में जुटे सपा नेताओं को पुलिस ने उनके घरों में ही नजर बंद कर दिया। इसको लेकर सपाइयों ने काफी देर प्रदर्शन किया।