अखिलेश बोले: बीजेपी राज में गरीबों को सताया जा रहा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कैसी देशभक्त है जिसके राज में किसान-नौजवान मारा-मारा फिर रहा है। उन्होंने यह बातें गांधी जी के शहीदी दिवस पर शनिवार को पार्टी कार्यालय में उनके चित्र पर माल्यार्पण करने के बाद यह बात कही। उन्होंने कहा कि आज के ही दिन 30 जनवरी 1948 को उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारों का स्मरण करते हुए गांव-गरीब को साथ लेकर उनके सपनों को पूरा करने के लिए सभी समाजवादियों को एकजुट हो जाना चाहिए।
सद्भाव का रास्ता सर्वधर्म समभाव का है। स्वाधीनता आंदोलन और संविधान के मूल्यों तथा आदर्शों पर चलने का हमें संकल्प लेना चाहिए। गांधी जी ने देश को जगाया और गरीबों की भी आजादी के आंदोलन में भागीदारी रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में गरीबों को निर्दोष लोगों को सताया जा रहा है। समाजवादी गरीबों और किसानों के साथ है। भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों पर पूर्णतया संवेदनाशून्य हैं। किसी के दुख से भाजपा को कोई वास्ता नहीं। भाजपा अन्नदाता को बदनाम कर रही है। अब लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। सन् 2022 में लोकतंत्र की अग्नि परीक्षा होनी है। किसानों व नौजवानों को अपनी जायज मांग उठाने पर भी उन पर आंसू गैस और लाठियां चलती है।सीबीआई, ईडी का प्रयोग अपने विपक्षियों के चरित्रहनन के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ, नफरत और अफवाहों की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाए और जनता के बीच रहकर उन्हें समाजवादी सरकार के कामों तथा पार्टी की नीतियों के बारे में बताए। अगले आम चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। हमें अनुशासित रहकर पूरी ईमानदारी और दृढ़ता से भाजपा को हराने और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए जुट जाना है।