सिरफिरा आशिक: गर्लफ्रेंड को परेशान किया तो मार दूंगा गोली

Allahabad_University_Building

इलाहाबाद। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में म्यूजिक डिपार्टमेंट के 6 प्रोफेसरों को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने का आरोप रिसर्च स्टूडेंट के ब्वॉयफ्रेड पर है। पहले फोन से धमकी देने के बाद रिसर्च स्टूडेंट के ब्वॉयफ्रेंड ने मैसेज भी किए। इसमें लिखा कि मेरी गर्लफ्रेंड को परेशान करना बंद करो, वरना गोली से उड़ा दूंगा। इस बारे में म्यूजिक डिपार्टमेंट के प्रोफेसर साहित्य कुमार नाहर और डा. विशाल जैन ने कर्नलगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
प्रोफेसर साहित्य कुमार नाहर ने बताया कि 29 जुलाई को डिपार्टमेंट में वाइवा मौखिक परीक्षा था। इसके बाद एग्जामनर प्रो. भगवंत आट्र्स फैकल्टी के डीन प्रो. सत्यनारायण, रिसर्च स्टूडेंट्स रेस्टोरेंट में लंच के लिए गए थे। शाम को करीब 6:15 बजे उनके मोबाइल पर किसी अंजान नंबर से काल आया। काल करने वाले शख्स ने खुद को एक रिसर्च स्टूडेंट का लवर बताया और कहा कि मेरी गर्लफ्रेंड को परेशान करना बंद करो वरना सबको गोली से उड़ा दूंगा। प्रो. नाहर ने गलत नंबर बताते हुए पहले तो फोन काट दिया लेकिन रात करीब 11 और 11:15 बजे फिर उसी नंबर से दो मैसेज आए। इस बार आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था और जान की धमकी दी गई थी। डा. विशाल जैन का कहना है कि जिस नंबर से प्रो. नाहर को धमकी मिली उसी नंबर से उन्हें धमकाया जा रहा है। इंस्पेक्टर कर्नलगंज सिद्धार्थ तोमर ने बताया दो प्रोफेसरों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
पहले भी विवादित रहा है संगीत विभाग- इलाहाबाद यूनिवर्सिटी का संगीत विभाग पहले से विवादित है। हाल ही में यहां का एक असिस्टेंट प्रोफेसर अपनी ब्लाइंड स्टूडेंट के यौन शोषण के आरोप में आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया था। इसके बाद यूनिवर्सिटी के छात्रों ने प्रोफेसर को जमकर पीटा था और पुलिस के हवाले कर दिया था, लेकिन कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने उस मामले में आरोपी के बजाय छात्रों को दोषी बताया था।