यूपी में भी बढऩे लगे कोरोना केस

लखनऊ। यूपी में दो दिनों बाद ही पाजिटिव केसों की संख्या फिर से बढ़ गई। शुक्रवार को प्रदेश भर में एक दिन में पाए जाने वाले पाजिटिव केसों की संख्या 167 पर पहुंच गई। दो दिन पूर्व 9 मार्च को पाजिटिव केसों की संख्या करीब महीने भर बाद 151 पर पहुंची थी। आज पाए गए केसों की इतनी संख्या भी तीन फरवरी के बाद ही यहां पहुंच पाई है। फरवरी को प्रदेश में एक दिन में 197 पाजिटिव केस मिले थे। तब उस दिन कोरोना से 06 लोगों की मौत भी हुई थी जबकि आज गनीमत है कि मौत का यह आंकड़ा दो है। आज लखनऊ और आगरा में एक-एक कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। इस बीच अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में बीते एक दिन में कुल 90,202 सैम्पल की जांच की गई। इस प्रकार से प्रदेश में अब तक कुल 3,25,71,317 सैम्पल की जांच की जा चुकी है। यह भी बताया कि प्रदेश में 1,819 कोरोना के एक्टिव मामलों में से 802 लोग होम आइसोलेशन में हैं। इसके अतिरिक्त मरीज निजी चिकित्सालयों एवं सरकारी अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 5,94,396 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।