फरवरी के बाद मार्च में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी

नई दिल्ली। राजधानी में फरवरी के बाद अब मार्च का महीना भी गर्मी का रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। इस बार 11 मार्च के दिन ही तापमान 35 डिग्री के पार हो गया था। बीते दस सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो आमतौर पर मार्च के दूसरे पखवाड़े में ही तापमान 35 डिग्री से ऊपर जाता रहा है। पिछले वर्ष मार्च का महीना काफी ठंडा रहा था। यहां तक कि मार्च के महीने में एक दिन भी ऐसा नहीं आया था जब तापमान पैंतीस डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा हो। पिछले साल 26 मार्च को अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री रहा था, जोकि पूरे महीने का सबसे अधिक तापमान था। बीते दस सालों में सिर्फ 2018 का वर्ष ही ऐसा रहा था, जब मार्च महीने के पहले पखवाड़े यानी 14 मार्च के दिन तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। बाकी सभी वर्षों में पैंतीस डिग्री से ज्यादा तापमान मार्च के दूसरे पखवाड़े में ही पहुंचा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बार पहले तो फरवरी में फिर मार्च में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ सामान्य से कम आए हैं। इसके चलते पहाड़ों पर हिमपात और मैदानी इलाकों में बरसात कम हुई है। इससे इस बार सामान्य से ज्यादा गर्मी महसूस की जा रही है। हालांकि, हल्की बूंदाबांदी के चलते पिछले दो दिन थोड़े राहत भरे रहे हैं।