योगी बीजेपी के पहले सीएम: पूरा किया चार साल

लखनऊ। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ अपने कार्यकाल के चार साल लगातार पूरे करने वाले बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। गुरुवार को उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री 1460 दिन पूरे कर लिए। अपनी सरकार के नाम कई रिकॉर्ड बनाने वाले मुख्यमंत्री पांचवें वर्ष में प्रवेश करने जा रहे हैं। यही नहीं भाजपा की सर्वाधक बहुमत वाली सरकार के मुखिया भी योगी आदित्यनाथ हैं। राज्य में गोविंद वल्लभ पंत से लेकर योगी आदित्यनाथ तक अब तक 21 शख्सियत राज्य की कमान संभाल चुकी हैं। लगातार सर्वाधिक लंबे समय तक मुख्यमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड कांग्रेस के डॉ. सम्पूर्णांनंद के नाम है। वह 28 दिसंबर 1954 से 6 दिसंबर 1960 तक मुख्यमंत्री रहे। योगी से पहले भाजपा के मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह थे। उससे पहले राम प्रकाश गुप्त को मौका मिला जबकि उससे पहले कल्याण सिंह के हाथ में राज्य की कमान थी। भाजपा के तीनों मुख्यमंत्री 21 सितंबर 97 से 8 मार्च 2002 तक मुख्यमंत्री रहे। इस तरह पांच साल के कार्यकाल में भाजपा के तीन नेताओं को मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला। कल्याण सिंह भाजपा की बहुमत वाली सरकार का नेतृत्व करते हुए वर्ष 1991 में पहली बार मुख्यमंत्री बने थे।
नारायण दत्त तिवारी व चंद्रभानु गुप्त चार बार, मुलायम सिंह व मायावती तीन- तीन बार, चरण सिंह, हेमवतीनंदन बहुगुणा व कल्याण सिंह को दो बार मुख्यमंत्री रहने का मौका मिला है। सुचेता कृपलानी, टीएन सिंह, कमला पति त्रिपाठी, रामनरेश यादव, बनारसी दास, विश्वनाथ प्रताप सिंह, श्रीपति मिश्र, वीर बहादुर सिंह, राजनाथ सिंह, राम प्रकाश गुप्त व अखिलेश यादव एक-एक बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। गोविंद वल्लभ 26 जनवरी 1950 को राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने। वह दो कार्यकाल में 27 दिसंबर 1954 तक मुख्यमंत्री रहे। इतिहास में और पीछे जाएं तो राज्य के पहले मुख्यमंत्री सर नवाब मुहम्मद अहमद सईद खां (नवाब छतारी) रहे। तब उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रांत और मुख्यमंत्री को प्रीमियर कहा जाता था। उनका कार्यकाल महज 3 अप्रैल 1937 से 16 जुलाई 1937 तक ही रहा। अखिलेश यादव एक कार्यकाल में पांच साल से ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री रहे।