सपा की साइकिल यात्रा का समापन

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद मोहम्मद आजम खां के खिलाफ जारी उत्पीडऩ की कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी की 12 मार्च 2021 को रामपुर से प्रारम्भ हुई साइकिल यात्रा का समापन आज लखनऊ समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में हुआ। इस यात्रा को व्यापक जनसमर्थन मिला। सैकड़ों साइकिल यात्रियों का स्वागत करते हुए अखिलेश यादव ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कार्यकर्ताओं ने काफी तकलीफें उठाईं है। कइयों को चोट लगी है। नौजवानों की मेहनत बेकार नहीं जाएगी। जनता तैयार है भाजपा से छुटकारा पाने के लिए।
12 मार्च 2021 को रामपुर में अखिलेश यादव ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से साइकिल यात्रा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया था। स्वयं उन्होंने 12 किमी. तक साइकिल चलाकर यात्रा का शुभारम्भ किया। इस साइकिल यात्रा के संयोजक विधायक बिलारी श्री मोहम्मद फहीम इरफान एवं सह संयोजक श्री जयवीर सिंह यादव थे। यात्रा में एमएलसी और दूसरे पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। 370 किलोमीटर की इस यात्रा में नौजवान साइकिल यात्रियों का जोश देखने लायक था। जगह-जगह इन यात्रियों ने जनता को समाजवादी पार्टी की नीति-कार्यक्रम और समाजवादी पार्टी सरकार की उपलब्धियां बताने के साथ भाजपा सरकार में जौहर विश्वविद्यालय तथा मोहम्मद आजम खां के परिवार को यातनाएं दिए जाने के बारे में भी जानकारी दी। समाजवादी पार्टी के युवा संगठनों के सभी प्रदेश अध्यक्ष इस यात्रा में शामिल रहे। समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अरविन्द गिरि, समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष श्री दिग्विजय सिंह देव, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष श्री अनीस राजा, समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 राम करन निर्मल के अतिरिक्त सुश्री नेहा यादव एवं भारती चौहान भी लगातार साइकिल यात्रा में शामिल रहीं।