महाराष्ट्र : आज से नाइट कफ्र्यू चालू

मुंबई। महाराष्ट्र में आज से नाइट कफ्र्यू लगाने के आदेश दिए गए हैं। कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में कोविड-19 के चिंताजनक प्रसार को रोकने के लिए आज यानी 28 मार्च से 15 अप्रैल तक रात में कफ्र्यू लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश के भी कई जिलों में आज से संडे लॉकडाउन लगाया जा रहा है। वहीं, राजस्थान से लेकर गुजरात तक में होली के मौके पर कोरोना पाबंदी लगाई गई है। एक आधिकारिक बयान की मानें तो मुख्यमंत्री उद्धव ठाकर ने आज यानी रविवार रात से कफ्र्यू लगाने के आदेश दिये हैं। ठाकरे ने यहां एक बैठक में स्थानीय अधिकारियों से रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक शॉपिग मॉल को बंद रखना सुनिश्चित करने को कहा है। बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने आगाह किया है कि अगर लोग कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करते हैं तो कड़े कदम उठाए जा सकते हैं। महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड-19 के 36,902 मामले सामने आए हैं जो कि अब तक के सबसे ज्यादा है। मुख्यमंत्री ने संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और मेडिकल कॉलेज के डीन के साथ राज्य में कोविड-19 स्थिति की समीक्षा की।महाराष्ट्र में नाइट कफ्र्यू के ऐलान का मतलब है कि आज से 15 अप्रैल तक रात 8 बजे से सुबह 7 बजे के बीच सिनेमाघर, मॉल, बार-रेस्तरां, मल्टीप्लेक्स, उद्यान-पार्क, समुद्री बीच और सार्वजनिक स्थल पूरी तरह से बंद रहेंगे। बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना की रफ्तार काफी तेज है। महाराष्ट्र में शनिवार को कोविड-19 से 166 लोगों की मौत हुई है, जो इस साल का सर्वाधिक आंकड़ा है।