रामदेव का विरोध: डॉक्टरों का काला दिवस

नई दिल्ली। ऐलोपैथ डॉक्टरों और योग गुरु स्वामी रामदेव के बीच जारी विवाद अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। दिल्ली सहित देशभर के सभी डॉक्टर रामदेव को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े हैं।
योग गुरु द्वारा ऐलोपैथी के संबंध में दिए गए बयान से नाराज फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने मंगलवार को राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत दिल्ली में प्रदर्शन कर रामदेव से सार्वजनिक रूप से माफी की अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। फोर्डा के अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन का आह्वान 29 मई को किया गया था, इसमें बताया गया था कि आंदोलन के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं होने दी जाएंगी। फोर्डा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्वामी रामदेव की टिप्पणियों के विरोध में हमारा प्रदर्शन मंगलवार सुबह शुरू हुआ। अधिकारी ने कहा कि वह तो ऐलोपैथी के बारे में बोलने तक की योग्यता नहीं रखते हैं। उनके बयान से डॉक्टरों का मनोबल कम हुआ है जो (कोविड-19) महामारी से हर दिन लड़ रहे हैं। हमारी मांग है कि वह बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगें अन्यथा महामारी रोग अधिनियम के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।