जिला पंचायत चुनाव: लहराया बीजेपी का झंडा

लखनऊ। यूपी के 53 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतगणना करीब-करीब खत्म हो चुकी है। ज्यादातर जिलों के परिणाम आ चुके हैं। अभी तक आधी से ज्यादा सीटों पर भाजपा का परचम लहराता दिख रहा है। भाजपा ने सपा और कांग्रेस के गढ़ में भी सेंधमारी की है। रायबरेली में भाजपा प्रत्याशी रंजना चौधरी ने कांग्रेस प्रत्याशी आरती सिंह को आठ वोटों से पराजित कर दिया है। वहीं मैनपुरी में भी भाजपा ने अपना जिलाध्यक्ष बनाया है। देवरिया जिला पंचायत अध्यक्ष सीट पर पहली बार भाजपा ने जीत दर्ज की है। अभी तक केवल यूपी के तीन जिलों में सपा प्रत्याशी के जीतने की खबर आई है। बलिया, एटा और आजमगढ़ में सपा ने जिला अध्यक्ष बनाया है। आजमगढ़ में सपा की एकतरफा जीत बताई जा रही है। आपको बता दें कि पुलिस ने निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।
सोनिया गांधी के गढ़ कहे जाने वाले रायबरेली जिले में भाजपा ने अपना जिलाध्यक्ष बनाया है। यहां भाजपा प्रत्याशी रंजना चौधरी ने कांग्रेस प्रत्याशी को आठ वोटों से हरा दिया। भाजपा प्रत्याशी को 30 तो कांग्रेस प्रत्याशी आरती सिंह को 22 वोट मिले हैं। लखनऊ में भाजपा की आरती रावत बनीं जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं। आरती ने 14 मत पाकर सपा की विजय लक्ष्मी को हराया। उन्हें 11 मत मिले। कुल 25 जिला पंचायत सदस्य ने वोट डाले। सिद्धार्थनगर जिले में भी भाजपा का कब्जा। शीतल सिंह बनी जिला पंचायत अध्यक्ष। यहां भाजपा प्रत्याशी ने सपा की पूजा यादव को हराया। बस्ती में भाजपा के संजय चौधरी बने जिला पंचायत अध्यक्ष। संजय ने सपा के वीरेंद्र चौधरी को हराया।