अखिलेश ने पूछा: बीजेपी कैसा भारत चाहती है बनाना

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा कैसा भारत बनाना चाहती है? भाजपा सरकार ने राष्ट्रीय सम्पत्ति को बेचा, अपनों की जासूसी कराने का गंदा खेल खेला, खेत पर कब्जा करने का कानून बनाया और समाजवादी पार्टी के कामों पर अपना ठप्पा लगाकर खुद ही अपनी पीठ थपथपाई। इस सबसे भाजपा की नीति और नियत दोनों उजागर हुई है। साफ है कि भाजपा बड़े लोगों को लाभ पहुंचाने और गरीब को मंहगाई की मार से बेहाल कर देने की साजिश को बड़ी चालाकी से अंजाम दे रही है। भाजपा सरकार ने किसानों को बड़े पूंजीघरानों अथवा बहुराष्ट्रीय कम्पनियों का बंधुआ मजदूर बनाने के लिए तीन काले कृषि कानून बनाया है। पूरे देश का किसान इन कानूनों को रद्द कराने के लिए आंदोलित है। भाजपा सरकार गत वर्ष से प्रदर्शन-धरना दे रहे किसानों के आंदोलन को कुचलने का कुचक्र रच रही है। समाजवादी पार्टी किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। किसान भाजपा के षड्यंत्र के सामने झुकने वाले नहीं है। भाजपा सरकार नौजवानों की जिंदगी में भी अंधेरा कर रही है। उसकी नौकरियां छीनी जा रही है। नौजवानों में असंतोष है। उद्योगधंधों के अभाव में नौकरियां बढ़ नहीं पा रही है। युवाओं को दिशाहीनता की ओर ढकेला जा रहा है।