देश में रह रहे विदेशी भी लगवा सकेंगे कोरोना टीका

नई दिल्ली। भारत में रह रहे विदेशी नागरिक भी अब कोरोना वायरस का टीका लगवा सकते हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को वैक्सिन के लिए विदेशी नागरिकों को पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अनुमति देने का फैसला किया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक विदेशी नागरिक पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए अपने पासपोर्ट का उपयोग आईडी के रूप में कर सकते हैं। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद उन्हें वैक्सिनेशन के लिए एक स्लॉट मिलेगा। बता दें कि देश में अभी तक विदेशी नागरिकों के लिए टीकाकरण की सुविधा नहीं थी।
देश में अब तक लोगों को कोरोना टीके की 51 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। भारत को 10 करोड़ का लक्ष्य हासिल करने में 85 दिन लगे। इसके बाद 45 दिन में 20 करोड़ का लक्ष्य हासिल किया और 30 करोड़ का लक्ष्य हासिल करने के लिए और 29 दिन लगे। देश में इसके बाद 24 दिन में 40 करोड़ टीके की खुराक दी गई और फिर 20 दिन बाद छह अगस्त को यह आंकड़ा 50 करोड़ को पार कर गया। फिर महज तीन दिन से भी कम समय में देश में एक करोड़ से अधिक टीके की खुराक दी गई।