स्वतंत्रता दिवस पर प्रेसीडेंट बाइडेन ने दी बधाई

डेस्क। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भारत के 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीयों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि लोकतंत्र के जरिए लोगों की इच्छा का सम्मान करने की मूलभूत प्रतिबद्धता दुनिया को प्रेरित करती है और यही भारत एवं अमेरिका के विशेष संबंधों का आधार है। बाइडेन ने भारत के लिए अपने संदेश में कहा, ‘महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के संदेश के मार्गदर्शन के जरिए भारत ने 15 अगस्त, 1947 को स्वतंत्रता के लिए अपनी लंबी यात्रा पूरी की।’ उन्होंने कहा, ‘लोकतंत्र के जरिए लोगों की इच्छा का सम्मान करने की मूलभूत प्रतिबद्धता आज दुनिया को प्रेरित करती है और यही भारत एवं अमेरिका के विशेष संबंधों का आधार है। पिछले दशकों में, 40 लाख से अधिक भारतीय-अमेरिकियों के जीवंत समुदाय समेत हमारे लोगों के बीच आपसी संबंधों ने हमारी साझेदारी बनाए रखी है और उसे मजबूत किया है।’