दो सितम्बर को होगी अवतरित लैंड रोवर डिस्कवरी स्पोर्ट

land-rover-discovery-sport
मुम्बई। टाटा मोटर्स की मालिकाना हक वाली लग्जरी कार निर्माता कंपनी लैंड रोवर ने अपनी नई प्रीमियम एसयूवी डिस्कवरी स्पोर्ट को लॉन्च करने की घोषणा कर दी है। नई कार को कंपनी 2 सितम्बर को लॉन्च करेगी। कार की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। जगुआर लैंड रोवर इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष रोहित सूरी ने कहा कि सितंबर में नए डिस्कवरी स्पोर्ट की पेशकश भारत में लैंड रोवर के उत्पादों के विस्तार की दिशा में उल्लेखनीय मुकाम होगा। उन्होंने कहा कि नई डिस्कवरी स्पोर्ट मंहगी एसयूवी है जो विशेष तौर पर रोमांच की चाह रखने वाले उपभोक्ताओं की जरूरत को ध्यान मे रखते हुए डिजाइन की गई है ताकि वे परिवार और दोस्तों के साथ बाहर निकलकर प्रकृति का आनंद उठा सकें। कंपनी ने कहा कि भारत में लैंड रोवर की गाडिय़ों में रेंज रोवर (कीमत की शुरुआत 1.83 करोड़ रूपए से) रेंज रोवर स्पोर्ट (1.16 करोड़ रूपए से शुरू), डिस्कवरी-4 (1.11 करोड़ रूपए से शुरू) और स्थानीय तौर पर विनिर्मित रेंज रोवर इवोक (48.73 लाख रूपए से शुरू) शामिल हैं। ए कीमतें मुंबई शोरूम की हैं जिसमें चुंगी शामिल नहीं है। लैंड रोवर की डिस्कवरी मॉडल सीरीज में डिस्कवरी स्पोर्ट नई एंट्री होगी। इस प्रीमियम एसयूवी में 9 स्पीड का ऑटोमैटिक गियर सिस्टम, पार्क एस्सिट, टैरेन रिस्पोंस और 5+2 का सीटिंग अरेंजमेंट के अलावा कई शानदार फीचर्स होंगे।