राजीव गांधी को कांग्रेसजनों ने किया याद

लखनऊ। देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर उतर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का ‘‘जय भारत महासम्पर्क अभियान’’ आज दूसरे दिन भी जारी रहा। कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी के निर्देश पर गांवों में पहुंचे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं को आज दूसरे दिन भी प्रदेश की जनता से अपार स्नेह और समर्थन मिल। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सचिन रावत ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ‘‘जय भारत महासम्पर्क अभियान’’ में आज दूसरे दिन कांग्रेसजनों ने गांवों/वार्डों में प्रात: प्रभात फेरी निकाली व श्रमदान किया। उसके बाद भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 राजीव गांधी जी की जयन्ती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया एवं संविधान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में राजीव गांधी जी के भारत को सूचना क्रांति एवं प्रोधोगिकी में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल करने के दूरदर्शी सोच को लोगों को बताया। इस अभियान के क्रम में प्रदेश कांग्रेस कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू-विधायक ने जनपद-गोरखपुर के खोराबार ब्लाक के ग्राम पंचायत-लालपुर टीकर में आज दूसरे दिन प्रात: प्रभात फेरी की एवं प्राथमिक विधालय में श्रमदान किया और उसके बाद राजीव गांधी जी की जयन्ती के अवसर पर उन्होंने राजीव जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात गांवों की आशा बहू, रसोईयां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, सफाईकर्मी, मजदूर, वकील, डाक्टर को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगो को संविधान की शपथ दिलायी एवं मेरा गांव मेरा देश संवाद में सम्बोधित करते हुए मा0 प्रदेश अध्यक्ष जी ने कहा कि राजीव का देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना, जियो और जीने दो, पंचायती राज संस्थाओं में भागीदारी देकर गांवों के विकास का रास्ता खोलना, नवोदय विधालय खोलकर गरीबों के बच्चों को उच्चतर शिक्षा देने का मार्ग खोलना आदि साकार हुआ। उनका सबसे बड़ा सपना था कि देश में जन-जन की बात सुनी जाये उसके लिए वो सदैव प्रयासरत रहें। जब आज लोकतंत्र के भविष्य पर खतरा है, मंहगाई और बेरोजगारी निरन्तर बढ़ रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर निरन्तर हमले हो रहे है ऐसे में राजीव गांधी जी की प्रासंगिता बढ़ जाती है। उन्होनें कहा कि सबको कांग्रेस की इस बलिदानी परम्परा के साथ जुडऩा होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उज्जवला गैस योजना का सरकार जो ढिंढोरा पीट रही है, गांवों में रोड नाली का जो सरकार बड़ी-बड़ी होर्डिंग लगाकर प्रचार प्रसार कर रही है, उसकी आज मुख्यमंत्री के गृह जनपद में पोल खुल गई है। गोरखपुर की जनता आज स्वयं वहां सरकार द्वारा किये गये झूठे दावों की सच्चाई बता रही है। गोरखपुर की जनता में काफी आक्रोश है।