ओवैसी बोले: यूपी का मुसलमान लाचार और परेशान

अयोध्या। ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन चीफ असदुद्दीन ओवैसी मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। यहां जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने मुसलमानों की दुखती रग पर हाथ रखा। भाजपा से ज्यादा विपक्षी दलों पर हमला किया। कांग्रेस-बसपा और सपा को यूपी में मुसलमानों की बदहाली के लिए दोषी करार दिया। ओवैसी ने कहा कि मजलिस का पैगाम यूपी के घर-घर तक पहुंच चुका है। यूपी का मुसलमान लाचार और परेशान है। सबको बराबर का हिस्सा मिलना चाहिए लेकिन मुसलमान को उसका हिस्सा नहीं मिला। यूपी में कोई कम पढ़ा है तो वो मुसलमान है। ओवैसी ने कहा कि इतनी भारी भीड़ एक पैगाम दे रही है। ओवैसी ने लोगों का आह्वान किया कि आप लोग मौका परस्त सरकारों को जड़ से उखाड़ दें। यूपी भारत का सबसे बड़ा राज्य है। यहां हर बिरादरी की सियासी ताकत है और पहचान है। सभी की आवाज सुनी जाती है। यूपी में अगर किसी की सियासी लीडरशिप नहीं है, किसी की आवाज नहीं सुनी जाती तो वह है मुसलमान। अगर किसी के साथ इंसाफ नहीं हुआ तो वह यूपी का मुसलमान है। यूपी में हर किसी को अपना अपना हिस्सा मिल गया। अगर किसी को उसका हिस्सा नहीं मिला तो वह यूपी का मुसलमान है।