आठवले सहारनपुर से करेंगे आरपीआई की बहुजन कल्याण यात्रा का शुभारम्भ

लखनऊ। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ़ इंडिया (आठवले), सहारनपुर से बहुजन कल्याण यात्रा निकालकर विधानसभा चुनाव 2022 का आगाज कर रही है। कल 26 सितम्बर को पार्टी एक राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. रामदास आठवले, सहारनपुर से इस यात्रा का शुभारम्भ करेंगे। बहुजन कल्याण यात्रा प्रदेश के सभी जनपदों से होते हुए 18 दिसम्बर को लखनऊ पहुंचेगी, उस दिन रमाबाई अम्बेडकर पार्क में बहुजन कल्याण महारैली का आयोजन होगा। ये जानकारी आरपीआई (आठवले) के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने दी। उन्होंने कहा कि माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी कल यानी 26 सितम्बर को सहारनपुर के जनमंच ऑडिटोरियम से बहुजन कल्याण यात्रा का शुभारम्भ करेंगे। इस आयोजन में बड़ी संख्या में आरपीआई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि 26 सितंबर से सहारनपुर से निकल रही बहुजन कल्याण यात्रा प्रदेश के हर जिले से होकर गुजरेगी। प्रदेश के अन्य-अन्य जगहों ओर 6 बड़ी सभाओं का आयोजन होगा। जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष मा. रामदास आठवले जी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। 18 दिसम्बर को लखनऊ में बहुजन कल्याण महारैली का आयोजन रमाबाई अम्बेडकर पार्क में होगा। जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा , मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी सहित मा. राष्ट्रीय अध्यक्ष जी शामिल होंगे। पवन भाई गुप्ता ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य बहुजन समाज को राजनीतिक, सामाजिक रूप से जागरूक करके उनके कल्याण का मार्ग प्रशस्त करना है एवं ऐसे लोगों से बचाना है, जो बहुजन अधिकारों के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकते हैं और बहुजनों का रत्ती भर कल्याण नहीं करते।