हिमाचल उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट

डेस्क। कांग्रेस ने 30 अक्टूबर को होने वाले हिमाचल प्रदेश के लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के लिए 20 स्टार प्रचारकों की घोषणा की है। इस सूची में हाल ही में पार्टी में शामिल हुए कन्हैया कुमार भी शामिल हैं। साथ ही पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी हिमाचल प्रदेश में हुंकार भरेंगे। आगामी 30 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की एक और विधानसभा की तीन सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इसमें मंडी संसदीय क्षेत्र और तीन विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव 30 अक्टूबर को होंगे और मतगणना 2 नवंबर को होगी। मंडी संसदीय सीट पर बीजेपी सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के बाद ये सीट खाली हो गई थी। जबकि तीन विधानसभा सीटों-जुब्बल कोटखाई (शिमला जिला), फतेहपुर (कांगड़ा जिला) और अर्की (सोलन जिला) क्रमवार भाजपा के नरिंदर ब्रगटा, कांग्रेस के सुजान सिंह पठानिया और छह बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे कांग्रेसी दिग्गज वीरभद्र सिंह के निधन के बाद खाली हुए। कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने 20 स्टार प्रचारकों की सूची तैयार की है। इस सूची में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, भूपिंदर हुड्डा, आनंद शर्मा, राजीव शुक्ला, सचिन पायलट, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत एस सिद्धू और कन्हैया कुमार शामिल हैं।