शिवसेना के संजय बोले: 2024 में विपक्ष में बैठेगी की बीजेपी

मुंबई। शिवसेना सांसद संजय राउत ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2024 में भाजपा विपक्ष में बैठेगी। जबकि कांग्रेस पार्टी के सहयोग से देश में गठबंधन वाली सरकार सत्ता में आएगी। इसके साथ ही मौजूदा एक-पक्षीय सरकार के शासन को समाप्त कर देगी।
जेएस करंदीकर स्मारक व्याख्यान को संबोधित करने के बाद पुणे में पत्रकारों से बात करते हुए शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि 2024 में कांग्रेस के सहयोग के बिना कोई भी सरकार सत्ता में नहीं आ पाएगी। कांग्रेस देश की एक प्रमुख पार्टी है। कांग्रेस विपक्षी पार्टी भी है और अन्य क्षेत्रीय पार्टियां हैं। पीटीआई के मुताबिक, राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर के बयान ‘भाजपा कई दशकों तक सत्ता में रहेगी’ के बारे में जवाब देते हुए संजय राउत ने कहा कि भाजपा भारतीय राजनीति में रहेगी लेकिन एक विपक्षी दल के रूप में। राउत ने कहा, ‘भाजपा का दावा है कि वह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। अगर दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी चुनाव हार जाती है तो वे विपक्षी पार्टी बन जाती है। उदाहरण के लिए महाराष्ट्र में भाजपा 105 विधायकों के साथ मुख्य विपक्षी दल है।’