केन्द्र ने बहाल की सांसद निधि: मिलेंगे 2-2 करोड़

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सांसद निधि को फिर से बहाल कर दिया है। बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। यह निधि वित्तीव वर्ष 2021-22 के लिए बचे हुए हिस्से के लिए बहाल किया गया है और 2025-26 तक जारी रहेगी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2021-22 की एमपी लैड फंड के लिए प्रत्येक सांसद को 2-2 करोड़ रुपए की किश्त आवंटित की जाएगी। इसके बाद हर साल ढाई-ढाई करोड़ रुपए की दो किस्तें जारी की जाएंगी। 2022 से 2026 तक के लिए 5-5 करोड़ रुपए की किश्त सांसदों को उनके क्षेत्र के विकास के लिए दी जाएगी। बता दें कि कोरोना वायरस महामारी की वजह से सांसद निधि पर रोक लगा दी गई थी। इसके अलावा बैठक में और भी कई फैसले लिए गए। फैसलों को बारे में बताते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय इतिहास और संस्कृति में जनजातियों के विशेष स्थान और योगदान को सम्मानित करने व आने वाले पीढिय़ों को इस सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव के संरक्षण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने का निर्णय लिया है।