केजरीवाल बोले: किसानों ने सिखाया धैर्य के साथ आंदोलन

नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर जारी किसान आंदोलन को एक साल पूरा होने पर दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि देश के किसानों ने हम सभी को यह सिखाया है कि धैर्य के साथ अधिकार के लिए कैसे लडऩा है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ”आज किसान आंदोलन को पूरा एक साल हो गया है। इस ऐतिहासिक आंदोलन ने गर्मी-सर्दी, बरसात-तूफान के साथ अनेक साजिशों का भी सामना किया। देश के किसान ने हम सबको सिखा दिया कि धैर्य के साथ हक की लड़ाई कैसे लड़ी जाती है। किसान भाइयों के हौसले, साहस, जज्बे और बलिदान को मैं सलाम करता हूं।”