प्रियंका ने महिलाओं के लिए जारी किया घोषणा पत्र

लखनऊ। प्रियंका गांधी ने महिलाओं के लिए अलग से कांग्रेस का घोषणापत्र जारी किया है। ‘शक्ति विधान’ नाम से जारी इस घोषणा पत्र में सरकारी नौकरियों में 40 प्रतिशत आरक्षण के साथ-साथ महिलाओं के स्वाभिमान, स्वालम्बन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत के लिए कई महत्वपूर्ण ऐलान किए गए हैं। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि घोषणापत्र में ये घोषणा की है कि नए सरकारी पदों में आरक्षण प्रावधानों के अनुसार 40त्न महिलाओं की नियुक्ति होगी। उन्होंने कहा कि राजनीति में हम 40त्न हिस्सेदारी से शुरू कर रहे हैं, हम चाहते हैं कि ये एक दिन 50त्न बने। कामकाजी महिलाओं के लिए 25 शहरों में सुरक्षित और नवीनतम सुविधाओं वाले छात्रावास बनाए जाएंगे, मनरेगा में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रियंका गांधी ने कहा कि वर्तमान समय में सिर्फ 9.4 प्रतिशत महिलाएं कामकाजी हैं। महिलाओं को 40 प्रतिशत आरक्षण का मतलब यह है कि कांग्रेस यदि 20 लाख रोजगार देगी तो आठ लाख रोजगार महिलाओं के लिए होंगे। इसके अलावा अपने संस्थानों में 50 प्रतिशत पदों पर महिलाओं को अवसर देने वाले व्यवसायिक प्रतिष्ठानों-संस्थानों को करों में छूट दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 10 हजार रुपए प्रतिमाह किया जाएगा। राशन की 50 प्रतिशत दुकानों का प्रबंधन और संचालन महिलाओं को दिया जाएगा।