प्रियंका ने किया साफ: सपा को जरूरत पड़ी तो देंगे समर्थन

चुनाव डेस्क। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने चुनाव बाद समाजवादी पार्टी (सपा) से गठबंधन की संभावना को स्वीकार करते हुए कहा है कि यदि अखिलेश यादव को सरकार बनाने के लिए कुछ सीटें कम पड़ती हैं तो कांग्रेस को समर्थन करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बस इसके लिए शर्त यह होगी कि युवाओं और महिलाओं के लिए कांग्रेस के बनाए अजेंडे को पूरा कर दिया जाए। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को न्यूज 24 को दिए इंटरव्यू में साफ किया कि उनकी पार्टी चुनाव बाद सपा से गठबंधन को स्वीकार है। प्रियंका गांधी से पूछा गया कि कभी ऐसा मौका आया जब सभी को साथ आना पड़ा, तो आप अखिलेश को समर्थन देंगी? इसपर प्रियंका गांधी ने कहा ”यदि ऐसी परिस्थितियां आई तो मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई दिक्कत होगी।” इसके बाद पूछा गया कि यदि अखिलेश कुछ सीटों से पीछे रह जाएं तो कांग्रेस उन्हें समर्थन देगी? इसपर प्रियंका का जवाब था, ”बशर्ते मेरे युवाओं, महिलाओं का अजेंडा लागू हो।”