प्रियंका ने जारी किया उन्नति विधान घोषणा पत्र

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पहले फेज की वोटिंग से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बाद अब कांग्रेस ने भी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को ‘उन्नति विधान’ नाम से घोषणा पत्र जारी किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि सबसे बड़े मुद्दे बेरोजगारी और महंगाई की समस्या पर हमने बहुत काम किया है। प्रियंका ने कहा कि 10 दिन के भीतर किसानों का पूरा कर्जा माफ किया जाएगा। 2500 रुपए क्विंटल धान-गेहूं की खरीद होगी और गन्ना मूल्य 400 रुपए क्विंटल होगा।बिजली का बिल हाफ किया जाएगा, बकाया माफ किया जाएगा। 20 लाख सरकारी रोजगार देंगे। प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी में कांग्रेस की सरकार बनी तो जिन परिवारों पर कोरोना से आर्थिक मार पड़ी है उन्हें 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। 12 लाख खाली पदों को भरा जाएगा और 8 लाख नए पद बनाएंगे। 40 फीसदी महिलाओं को मिलेंगे। 10 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त होगा। प्रियंका ने कहा कि किसान छुट्टा पशु से बहुत परेशान हैं। छत्तीसगढ़ मॉडल पर इसका समाधान किया जाएगा। जिन किसानों को नुकसान हुआ है उन्हें 3 हजार रुपए दिया जाएगा। ‘गोधन न्याय योजना’ शुरू की जाएगी और 2 रुपए किलो गोबर खरीद की जाएगी। छत्तीसगढ़ में यह योजना चल रही है। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो छोटे कारोबारियों को 1 फीसदी ब्याज पर कर्ज मिलेगा। श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए प्रस्ताव दिया गया है कि आउटसोर्सिंग की जाएगी। संविदा और सफाई कर्मियों को नियमित किया जाएगा।