वित्तमंत्री ने जारी किया देश का पहला रंगीन सिक्का

डेस्क। देश के लिए सिक्के और करेंसी नोट का निर्माण करने वाली संस्था भारत प्रतिभूति मुद्रण तथा मुद्रा निर्माण निगम लिमिटेड के 17 वें स्थापना दिवस के अवसर आयोजित एक कार्यक्रम में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश की टकसाल मे बना पहला रंगीन सिक्का लॉन्च किया है। सिक्के का नाम रखा है पंचतंत्र सोविनियर सिक्का। सिक्को के संग्रहकर्ता बीकानेर के सुधीर लुणावत के अनुसार 32 ग्राम वजन का निकल सिल्वर से बना यह सिक्का बिना मूल्यवर्ग का एक सोविनियर टोकन है जो कभी प्रचलन में नही आएगा सिर्फ एक संग्रहणीय वस्तु की तरह धरोहर के रूप में सहेजकर रखा जाएगा। सुधीर बताते हैैं कि नई पीढ़ी को सिक्को के शौक की तरफ आकर्षित करने के मकसद से इन रंगीन सिक्को पर एक तरफ पंचतंत्र की कहानियों में से एक कहानी मूर्ख शेर और चतुर खरगोश के पात्र को अंकित किया जाएगा वहीं सिक्के के दूसरी तरफ एस.पी.एम.सी.आई. एल के आधिकारिक लोगो को भी रंगों से भर कर उकेरा गया है जिसके ऊपर हिंदी तथा नीचे अंग्रेजी में भारत सरकार टकसाल कोलकता लिखा गया है। भारत सरकार की तरफ से जारी होने वाले इस पहले रंगीन सिक्के का अनावरण विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने किया है और इस सिक्के की संभावित कीमत 1100 रुपये के करीब होगी। जल्द ही यह सिक्का भारत सरकार की कोलकता टकसाल से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।