बीजेपी पर बरसे मनमोहन: नेहरू पर फोड़ते हैं ठीकरा

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह ने गुरुवार को भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना के दौरान केंद्र सरकार की खराब नीतियों के कारण लोग आर्थिकता, बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई से परेशान हैं। मनमोहन सिंह ने कहा, “7.5 साल सरकार चलाने के बाद सरकार अपनी गलती मानने और सुधार करने की बजाए पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराने पर लगी है। पूर्व प्रधानमंत्री सिंह ने कहा, “इस सरकार का नकली राष्ट्रवाद जितना खोखला है, उतना ही खतरनाक है। इनका राष्ट्रवाद अंग्रेजों की बांटों और राज करो की नीति पर टिका है। संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर किया जा रहा है। ये सरकार विदेश नीति के मोर्चे पर भी पूरी तरह फेल साबित हुई है। मनमोहन सिंह ने कहा, “मुझे लगता है कि पीएम का पद एक विशेष महत्व रखता है। पीएम को इतिहास को दोष देने के बजाय गरिमा बनाए रखना चाहिए। जब मैं 10 साल तक प्रधानमंत्री था, तो मैंने अपने काम के जरिए बात की। मैंने कभी भी देश को दुनिया के सामने प्रतिष्ठा खोने नहीं दिया। मैंने कभी भी भारत के गौरव को कम नहीं किया। मुझे कम से कम इस बात का संतोष है कि मुझ पर कमजोर, शांत और भ्रष्ट होने के झूठे आरोपों के बाद, भाजपा और उसकी बी और सी-टीम देश के सामने बेनकाब हो रही है।