अखिलेश ने बढ़ाया शिवपाल का कद: बनाया स्टार प्रचारक

लखनऊ। जसवंतनगर में वोटिंग के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल यादव की जिम्मेदारी बढ़ा दी है। अब उन्हें प्रदेश के दूसरे हिस्सों में पार्टी के लिए समर्थन जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के प्रमुख को सपा ने स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल कर लिया है। सपा गठबंधन की ओर शिवपाल यादव को महज जसवंत नगर की सीट मिली थी, जिस पर रविवार को तीसरे चरण में मतदान हो गया। सपा की ओर से जारी स्टार प्रचारकों की नई सूची में पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, डिंपल यादव और स्वामी प्रसाद मौर्य जैसे नेता शामिल हैं। सपा की ओर से पहले जिन 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की गई थी उसमें शिवपाल यादव का नाम शामिल नहीं था। साइकिल निशान पर ही चुनाव लड़ रहे शिवपाल का नाम स्टार प्रचारकों शामिल नहीं किए जाने पर राजनीतिक जानकार समेत पार्टी के समर्थक हैरान थे।