रामपुर खास विस सीट: मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में

सौरभ तिवारी, प्रतापगढ़। जिले में पडऩे वाली रामपुर खास विधानसभा सीट पर चुनावों के पांचवें चरण में 27 फरवरी 2022 को मतदान होना है। मीडिया में अक्सर चर्चा में रहने वाली रामपुर खास विधानसभा सीट पर मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में माना जा रहा है। रामपुर खास से भारतीय जनता पार्टी ने नागेश प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया है, वहीं कांग्रेस की तरफ से आराधना मिश्रा मैदान में हैं। बहुजन समाज पार्टी ने बंकेलाल पटेल को मैदान में उतारा है। वहीं, आम आदमी पार्टी के टिकट पर अजीत ताल ठोंक रहे हैं। 2017 के विधानसभा चुनावों की बात करें तो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भारतीय जनता पार्टी के नागेश प्रताप सिंह उर्फ छोटे सरकार को 17066 मतों के अंतर से पराजित किया था। उन चुनावों में अराधना मिश्रा को 81463 वोट मिले थे जबकि नागेश प्रताप सिंह के लिए 64397 लोगों ने वोटों के जरिए अपना समर्थन दिया था। बसपा के प्रत्याशी अशोक सिंह 7933 मतों के साथ तीसरे स्थान पर थे।