मनसे ने शुरू किया मुक्ति अभियान: उद्धव की मुसीबत बढ़ी

मुंबई। महाराष्ट्र में नया विवाद शुरू होता नजर आ रहा है। महाराष्ट्र नव निर्माण सेना ने पुणे शहर में मौजूद दो दरगाहों के मंदिर की जमीन पर बने होने का दावा किया है। हाल ही में मुंबई में औरंगजेब के मकबरे पर भी सवाल उठे थे। जिसके बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने स्मारक पर 5 दिनों के लिए बंद करने का फैसला किया था। रविवार को मनसे महासचिव अजय शिंदे ने कहा कि उन्होंने ‘पुण्येश्वर मुक्ति’ अभियान की शुरुआत की है और लोगों से राज ठाकरे की पार्टी का समर्थन करने की अपील की है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित ज्ञानवापी मस्जिद सर्वे के हवाले से शिंदे ने कहा कि राज ठाकरे के हिंदुत्व के रुख पर सरकार की नींद टूटने लगी है। उन्होंने कहा, ‘ज्ञानवापी की तरह हम पुणे में पुण्येश्वर मंदिर के लिए भी लड़ रहे हैं। मनसे नेता ने दावा किया है कि खिलजी वंश के कमांडर अलाउद्दीन खिलजी ने पुणे में पुण्येश्वर और नारायणेश्वर मंदिरों को ढहा दिया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि मंदिरों के ढहाने के बाद उनपर दरगाह का निर्माण किया गया।