बिहार चुनाव में सीट बंटवारे पर मुलायम नाराज

mulayam singh
लखनऊ। बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के संसदीय बोर्ड की प्रस्तावित बैठक निरस्त कर दी गयी है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव के दिशा निर्देश पर बोर्ड की बैठक बुलायी गयी थी मगर बाद में इसे निरस्त कर दिया गया। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले महा गठबंधन में सपा को मात्र पांच सीटें दिये जाने से बिहार में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी है। इससे पहले महागठबंधन के 100 सीटों के बंटवारे में सपा को एक भी सीट नही मिलने से नाराज सपा नेताओं ने पटना में भूख हड़ताल की थी। सीटों के इस बटवारें में कांग्रेस को 40 सीटे मिली थी जबकि तीन सीटें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के हिस्से में गयी थी। सपा के विरोध के बाद गठबंधन ने पांच सीटें सपा को देने की घोषणा की थी हालांकि पार्टी कार्यकर्ता इस हिस्से से कतई संतुष्ट नही है और वह चुनाव में बड़ी भागीदारी चाहते हैं।
रविवार को पटना में महागठबंधन द्वारा आयोजित हुयी स्वाभिमान रैली से सपा मुखिया ने दूरी बनाये रखी। इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव के अलावा जदयू अध्यक्ष शरद यादव एक मंच पर मौजूद थे। रैली में हालांकि सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने पार्टी का प्रतिनिधित्व किया।